- Hindi News
- धर्म ज्योतिष
- असली Vs नकली संत! प्रेमानंद महाराज का आश्रम दो गुटों में बंटा
असली Vs नकली संत! प्रेमानंद महाराज का आश्रम दो गुटों में बंटा
वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण की मौत की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। दीपक ने 25 सितंबर को 'गुरु कृपा कुंज आश्रम' की छत से छलांग लगाकर आत्महत्या की थी। इसके बाद की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि उनका गुप्तांग काट दिया गया था और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हुई थी। आश्रम की मुश्किलें यहीं कम नहीं हुई थीं। इस घटना के बाद, विभिन्न जगहों से आए तीन परिवारों ने अपने रिश्तेदारों के लापता होने को लेकर हंगामा शुरू कर दिया था।
ऐसे में 'श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास' के अध्यक्ष और हिंदूवादी नेता दिनेश शर्मा 'फलाहारी' ने एक महत्वपूर्ण बात सामने रखी है। उन्होंने कहा था कि वृंदावन का 'केली कुंज आश्रम' अब भू-माफियाओं का केंद्र बन गया है। महाराज के आश्रम में दो गुट बन गए हैं: एक गुट में असली संतों का और दूसरा नकली संतों का। नकली संतों का गुट संपत्ति और जमीन का कारोबार कर रहा है। इस नकली गुट ने लगभग 15 आश्रमों पर कब्जा कर रखा है, जिसके कारण प्रेमानंद बहुत ही दुखी हैं।

इसलिए, प्रेमानंद 'केली कुंज आश्रम' छोड़कर 20 किलोमीटर दूर स्थित 'बेलवन आश्रम' चले गए हैं। उनका कहना है कि केली कुंज आश्रम में रहने वाले आपराधिक मानसिकता वाले नकली साधु-संतों की गतिविधियों की बारीकी से जांच की जाए तो सभी खुलासे हो जाएंगे। साधु के वेश में घूम रहे लोगों का पुलिस वेरिफिकेशन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि, संतों के इन असली और नकली गुटों के बीच संघर्ष की संभावना है। इसलिए हमने, मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रेमानंद महाराज के लिए 'Z-प्लस' सुरक्षा की मांग की है।
तो, मथुरा की साध्वी इंदुलेखा का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व प्रेमानंद महाराज की छवि खराब कर रहे हैं। उनका कहना है कि कुछ लोग महाराज की आड़ में भय फैला रहे हैं और जमीन पर अवैध कब्जा कर रहे हैं। प्रेमानंदजी एक पूजनीय संत हैं, लेकिन कुछ लोगों ने माहौल इतना खराब कर दिया है, जिससे प्रेमानंद महाराज सब कुछ छोड़कर बेलवन चले गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रेमानंद महाराज को इस समय गंभीर खतरा है और उनकी सुरक्षा बढ़ाने की जरूरत है।

युवा संत दीपक लोधी की मृत्यु के नौ दिन बाद, 'राधा केली कुंज ट्रस्ट' के संचालकों ने आश्रम की ओर से एक अपील जारी की है। यह अपील आश्रम परिसर के बाहर लोगों द्वारा किए गए हंगामे को देखते हुए की गई है। बयान में आश्रम के संचालकों ने बताया है कि प्रेमानंद महाराज हाल की घटना से बहुत दुखी हैं। आश्रम ट्रस्ट ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। केली कुंज ट्रस्ट ने इस घटना की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच में पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने की बात कही है।

